कड़ी निगरानी में शुरू हुई बोर्ड परीक्षा, 64 केन्द्रों पर 11,358 विद्यार्थियों ने दी 12वीं अंग्रेजी की परीक्षा

MP DARPAN
0

नकल का एक भी मामला सामने नहीं आया 

शिवपुरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं का मंगलवार से जिले में शांतिपूर्ण और सख्त निगरानी के बीच आगाज़ हो गया। पहले ही दिन 12वीं कक्षा के महत्वपूर्ण अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया गया। जिले में निर्धारित 66 में से 64 परीक्षा केन्द्रों पर सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा संपन्न हुई।

परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की सघन तलाशी ली गई। अधिकांश केन्द्रों पर सुबह 8 बजे से ही परीक्षार्थियों की भीड़ नजर आने लगी थी। निर्धारित समय 8:30 बजे प्रवेश दिया गया। इस विषय में नामांकित 11,557 विद्यार्थियों में से 11,358 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 199 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। जिलेभर में प्रशासन और शिक्षा विभाग के उड़नदस्तों ने शहर से लेकर दूरस्थ अंचलों तक केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि किसी भी केन्द्र पर नकल का एक भी मामला सामने नहीं आया और परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही।

उड़नदस्तों की सक्रियता, संवेदनशील केन्द्रों पर खास नजर

बोर्ड परीक्षा के पहले दिन जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव का दल करैरा के संवेदनशील केंद्र उमावि अमोलपठा पहुंचा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा टीम ने सिरसौद, भौंती, पिछोर उत्कृष्ट उमावि व कन्या उमावि केन्द्रों का निरीक्षण किया। जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार ने एपीसी अतरसिंह राजौरिया के साथ कोलारस के कई केन्द्रों का निरीक्षण किया। जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य की टीम ने पोहरी, बैराड़ सहित विभिन्न केन्द्रों का दौरा किया। वहीं शिवपुरी शहर में बीईओ मनोज निगम और कौशल गौतम ने निरीक्षण किया। अनुविभागीय अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केन्द्रों की निगरानी की।

199 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य के अनुसार अनुपस्थित विद्यार्थियों का आंकड़ा विकासखंड शिवपुरी में 61, करैरा में 42, पिछोर में 32, नरवर में 17, कोलारस में 16, पोहरी में 11, खनियांधाना में 11 एवं बदरवास में 9 है। जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से सुनील चौरसिया और भूपेन्द्र शर्मा की टीम ने परीक्षा की पल-पल की रिपोर्ट संकलित कर माध्यमिक शिक्षा मंडल को भेजी।

क्या कहते हैं अधिकारी 

जिले के 64 केन्द्रों पर अंग्रेजी विषय की परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। सभी केन्द्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। किसी भी केन्द्र पर नकल का मामला दर्ज नहीं हुआ।

विवेक श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top