शिवपुरी। अमोला थाना पुलिस ने तेज़, सटीक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए हत्या के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर कानून का कड़ा संदेश दिया है। अपराध क्रमांक 33/26 में रानी सैन की हत्या के आरोपी सुघर सिंह लोधी उम्र 56 वर्ष निवासी सलैया, थाना अमोला को घटना में प्रयुक्त 315 बोर की लाइसेंसी बंदूक सहित गिरफ्तार कर दिनांक 01.03.2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कराया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार की गई, जिन्होंने सभी थाना प्रभारियों को गंभीर अपराधों के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। आदेशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमोला अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। दिनांक 28.02.2026 की रात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सिरसौद जाने वाले कच्चे रास्ते पर हथियार सहित खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। उक्त कार्रवाई में प्र. आर. दीपक उपाध्याय, आर.एल. मदुरिया, आर. चालक मोहित शर्मा, आर. आकाश शाक्य, आर. नीतेन्द्र सिंह, आर. कुलदीप तथा सैनिक जितेन्द्र कलावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


