शिवपुरी। जिले में आगामी होली व अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में 2 मार्च 2026 को शहर के प्रमुख मार्गों पर व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस कंट्रोल रूम से हुई, जो पोहरी चौराहा, मनियर, लालमाटी, फतेहपुर, टोंगरा रोड, गुना नाका, सुभाष पार्क, इमामबाड़ा, नीलघर चौराहा, परशुराम चौराहा, करोंदी सम्बेल, ग्वालियर बायपास, कमलागंज, न्यू ब्लॉक, कस्टम गेट, कोर्ट रोड, माधव चौक, गुरुद्वारा, तात्या टोपे, एमएम चौराहा होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम, शिवपुरी पर समाप्त हुआ। फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले, रक्षित निरीक्षक, यातायात थाना प्रभारी, कोतवाली, देहात, फिजीकल थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। इससे पहले पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात बल को ब्रीफ कर त्योहारों के दौरान मुस्तैदी, सतर्कता और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री राठौड़ ने आमजन से अपील की कि वे त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में जिले के सभी थानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को शांति, कानून व्यवस्था और सौहार्द का संदेश दिया गया।


