शिवपुरी। शहर में अवैध सट्टे के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2900 रुपए नगद व सट्टा सामग्री जब्त कर सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे के नेतृत्व में टीम ने 30 मार्च को यह कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई मटका पार्क क्षेत्र में की गई, जहां दीपक जाटव उम्र 27 वर्ष निवासी ठकुरपुरा को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके पास से सट्टा पर्ची, पेन और 950 रुपए मिले। पूछताछ में उसने सट्टा अपने भाई बन्टी जाटव के लिए संचालित करना कबूल किया। दूसरी कार्रवाई पोलो ग्राउंड पर हुई, जहां सत्यम राठौर उम्र 24 वर्ष निवासी नवाब साहब रोड को पकड़ा गया। उसके पास से सट्टा पर्चियां, पेन व 550 रुपए जब्त किए गए। तीसरी दबिश गांधी पार्क क्षेत्र में दी गई, जहां बलराम कुशवाह उम्र 56 वर्ष निवासी जवाहर कॉलोनी को गिरफ्तार कर 1400 रुपए व सट्टा सामग्री बरामद की गई। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया। तीनों मामलों में धारा 4 सट्टा अधिनियम व संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, प्रधान आरक्षक शैतान सिंह, भगवत चतुर्वेदी, संतोष बैस, आरक्षक दीपक राठौर, राघवेन्द्र रावत एवं बृजेश जादौन की सराहनीय भूमिका रही।


