31वां ओशो ध्यान शिविर 28 मार्च से, देशभर के 200 साधक होंगे शामिल, स्वामी आनंद एकांत करेंगे संचालन

MP DARPAN
0

शिवपुरी। आध्यात्मिक साधना, ध्यान और आंतरिक ऊर्जा के जागरण का केंद्र बनने जा रहा शिवपुरी, जहां 28 से 31 मार्च तक 31वां ओशो ध्यान साधना शिविर आयोजित होगा। रातौर रोड स्थित शिव रिसोर्ट में आयोजित इस चार दिवसीय शिविर में देशभर से लगभग 200 ओशो प्रेमी भाग लेकर ध्यान, नृत्य और साधना के माध्यम से आत्मिक अनुभूति प्राप्त करेंगे। इस शिविर का संचालन विश्व विख्यात ओशो शिविर संचालक स्वामी आनंद एकांत द्वारा किया जाएगा। आयोजन ओशो परिवार शिवपुरी के तत्वावधान में किया जा रहा है। शिविर के प्रमुख आयोजक राजकुमार बिंदल (स्वामी देवबंधु), प्रमुख प्रबंधक गोपाल जी स्वर संगम (स्वामी निखिल आनंद) एवं मीडिया प्रभारी डॉ. भूपेन्द्र विकल (स्वामी कृष्ण आनंद) ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों से साधकों ने पंजीयन कराया है।

सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक साधना

शिविर का शुभारंभ 28 मार्च को दोपहर 1 बजे होगा। प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक विभिन्न ध्यान सत्र आयोजित होंगे, जिनमें नृत्य, ध्यान, साधना और ओशो के प्रवचनों (ऑडियो-वीडियो) के माध्यम से साधकों को आध्यात्मिक अनुभूति कराई जाएगी। रात्रि 9 बजे से 11 बजे तक जोरवा ध्यान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 31 मार्च को दोपहर 12 बजे ओशो सन्यास महोत्सव के साथ शिविर का समापन होगा।

1990 से निरंतर जारी परंपरा

ओशो परिवार शिवपुरी द्वारा वर्ष 1990 से लगातार इस प्रकार के ध्यान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक 29 से अधिक शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं, जिनमें देश के अनेक प्रसिद्ध ओशो साधकों का मार्गदर्शन मिला है। इनमें प्रमुख रूप से स्वामी विजय आनंद, स्वामी आनंद वैराग्य, स्वामी चेतन कीर्ति, स्वामी ज्ञानअनुग्रह, स्वामी गोविंद, मां राबिया, मां आभा, स्वामी जगदीश अंतर, मां प्रेम अजस्था, मां मीरा, स्वामी अशोक भारती, स्वामी शशिकांत सदैव, मां ओसीन सहित अनेक प्रमुख नाम शामिल रहे हैं।

शिवपुरी में सक्रिय ध्यान केंद्र

करीब 20 वर्ष पूर्व स्वामी प्रेमप्रकाश (प्रकाश सिरोलिया) द्वारा ग्वालियर बायपास स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में ओशो ध्यान केंद्र की स्थापना की गई थी। यहां प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक ध्यान साधना एवं प्रत्येक रविवार को शाम 6 से रात 8:30 बजे तक सत्संग आयोजित किया जाता है।

देश-विदेश तक सक्रिय है शिवपुरी का ओशो परिवार

शिवपुरी का ओशो परिवार आज 80 से अधिक सक्रिय स्वामी, मां और साधकों का समूह बन चुका है, जो देशभर में आयोजित शिविरों के साथ-साथ नेपाल, होशियारपुर, पुणे और गोवा स्थित ओशो आश्रमों में भी साधना हेतु नियमित रूप से जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top