पिछोर (नीरज गुप्ता)। पिछोर में गहोई समाज द्वारा सामूहिक होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और सामाजिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर के सामाजिक बंधुओं के परिवारों में दिवंगत सदस्यों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित सभी भाई-बहनों ने मौन धारण कर पुण्य आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। समारोह में गहोई समाज अध्यक्ष मनीराम सोनी, महिला मंडल अध्यक्ष रचना नगरिया तथा नवयुवक मंडल अध्यक्ष विकास कनकने विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने समाजजनों को सामाजिक समरसता, एकजुटता और आपसी भाईचारे के साथ होली पर्व मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को संगठित रखने और नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम में सभी सामाजिक भाईबंधुओं एवं महिला मंडल सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंग-गुलाल के बीच सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। महिलाओं ने फाग गीत गाकर और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उल्लासमय बना दिया, वहीं युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। होली मिलन समारोह उपरांत सभी सामाजिक भाईबंधुओं एवं महिला मंडल सदस्यों के लिए दाल-बाफले, चूरमा लड्डू, भजिया, चाय एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। अंत में कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त संगठनों एवं कार्यकर्ताओं की सराहना की गई।


