नेटवर्क की तलाश तेज
शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 52 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को दबोच लिया है। पकड़ी गई स्मैक की कीमत करीब 10 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि कुल जब्त मशरूका 12 लाख 50 हजार रुपये का है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर अरविन्द्र कुमार सक्सेना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ द्वारा सख्त निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के निर्देशन में करैरा थाना पुलिस लगातार सक्रिय कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम 2 अप्रैल को मुखबिर सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम टोरिया के पास आम रोड पर दबिश दी। यहां काले रंग की बिना नंबर प्लेट बुलेट मोटरसाइकिल पर बैठे युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम नीतेश उर्फ भूरा यादव उम्र 24 वर्ष निवासी जोहरिया, थाना उदगंवा जिला दतिया बताया। तलाशी में आरोपी के पास से 52 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा, एक एंड्रॉयड मोबाइल और रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह झांसी निवासी कृतिका तिवारी से स्मैक खरीदकर लाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, सउनि चरन सिंह, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, आरक्षक हरेन्द्र सिंह, मत्स्येन्द्र गुर्जर, चालक रामअवतार गुर्जर, संदीप चौहान और राघवेन्द्र पाल की सराहनीय भूमिका रही।


