केन्द्रीय मंत्री सिंधिया 5 अप्रैल को शिवपुरी में, मेगा स्वास्थ्य शिविर के सहयोगियों का करेंगे आभार व्यक्त

MP DARPAN
0

होटल पीएस में आभार सभा शाम 7 बजे

शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 5 अप्रैल को एक दिवसीय प्रवास पर शिवपुरी पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस दौरान वे पिछले माह आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर की सफलता में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों का सम्मान और आभार व्यक्त करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री सिंधिया ईसागढ़ से शाम 5 बजे प्रस्थान कर लगभग शाम 7 बजे होटल पी.एस. पहुंचेंगे। यहां आयोजित विशेष आभार सभा में वे उन सभी लोगों को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने 16 मार्च से 24 मार्च तक शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उल्लेखनीय है कि यह स्वास्थ्य शिविर जिले के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं मिलीं और स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ। इस आयोजन में प्रशासन, समाजसेवी संस्थाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं का समन्वय देखने को मिला। इस आभार सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव के साथ जिला महामंत्री लवलेश जैन, योगेंद्र रघुवंशी, के.पी. परमार, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, हरिओम राठौर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरवीर रघुवंशी, केशव सिंह तोमर, विजय शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश जैन (पत्रकार), जिला मंत्री नीरज तोमर एवं अशोक ठाकुर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। भाजपा संगठन ने जिले के सभी पदाधिकारियों, देवतुल्य कार्यकर्ताओं, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शाम 7 बजे होटल पी.एस. पहुंचकर इस आभार सभा को सफल बनाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top