शिवपुरी। हाईवे सुरक्षा से जुड़े क्रैश बैरियर की चोरी के मामले में करैरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और करीब 70 हजार रुपये कीमत का माल बरामद कर लिया। रक्सा टोल प्लाजा के कॉरिडोर मैनेजर नितीश बहुगुणा की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था, जिसमें बताया गया कि 23 अप्रैल की रात सिल्लारपुर चौराहे स्थित एनएचआईटी कंपनी के गेस्ट हाउस से अज्ञात चोर क्रैश बैरियर चोरी कर ले गए।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में टीम सक्रिय हुई। मुखबिर सूचना पर पुलिस ने कलोथरा पेट्रोल पंप के पास दबिश दी, जहां दो संदिग्ध युवक लोहे के बैरियर झाडिय़ों में छिपाते मिले। पुलिस को देख दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बीरेन्द्र केवट निवासी सिरसौद और पंकज लोधी निवासी नया अमोला बताया। दोनों ने अपने साथी पवन लोधी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया हाईवे क्रैश बैरियर बरामद कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विनोद सिंह छावई, प्रआर राजेश शर्मा, प्रआर डैनी कुमार, आरक्षक हरेन्द्र सिंह, मत्स्येन्द्र गुर्जर और अनिकान्त गौतम की अहम भूमिका रही।


