तीन दिन, दर्जनों सौगातें: केंद्रीय मंत्री सिंधिया का मेगा दौरा 25 अप्रैल से

MP DARPAN
0

विकास-जनसंवाद साथ-साथ

शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 25 से 27 अप्रैल तक शिवपुरी जिले के व्यापक दौरे पर रहेंगे। यह दौरा जिले के लिए विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात के साथ-साथ सीधे जनसंवाद का मंच भी बनेगा, जिसमें कोलारस, बदरवास, रन्नौद, पिछोर और शिवपुरी शहर फोकस में रहेंगे।

25 अप्रैल को दौरे की शुरुआत कोलारस से होगी, जहां नए बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट सहित कई परियोजनाओं का भूमिपूजन व उद्घाटन किया जाएगा। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बालक-बालिका छात्रावासों की नींव रखी जाएगी। लुकवासा में जनसुनवाई के जरिए आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इसके बाद बदरवास में अदानी सीएसआर परियोजना का उद्घाटन और सीएम राइज स्कूल में जनपद भवन, आईटीआई व छात्रावासों के निर्माण कार्यों की शुरुआत होगी। शाम को रन्नौद में एकीकृत तहसील भवन का उद्घाटन और 30 किमी लंबी सड़क का भूमिपूजन किया जाएगा। दिनभर में कई स्थानों पर स्थानीय कार्यक्रमों के जरिए जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से संवाद होगा। 26 अप्रैल को कलेक्ट्रेट शिवपुरी में दिशा बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भोंती में जनसुनवाई होगी। पिछोर में एकीकृत तहसील भवन का उद्घाटन कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में रहेगा। शाम को शिवपुरी शहर में बड़े स्तर पर विकास कार्यों की झड़ी लगेगी, जिसमें 39 वार्डों की सड़कों का उद्घाटन, सीएम राइज स्कूल का लोकार्पण, आवास योजना के तहत 80 हितग्राहियों को कब्जा पत्र और 48 को स्वीकृति पत्र वितरण शामिल है। साथ ही अपशिष्ट उपचार संयंत्र, अतिरिक्त सड़कों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के भूमिपूजन से शहरी विकास को नई गति मिलेगी। 27 अप्रैल को टूरिस्ट विलेज में मेधावी छात्रों से संवाद के साथ दिन की शुरुआत होगी। इसके बाद कोटा भगोरा में जनसुनवाई और सतनवाड़ा स्थित एनटीपीसी इंजीनियरिंग कॉलेज का निरीक्षण कर छात्रों से बातचीत की जाएगी। दौरे का समापन ग्वालियर प्रस्थान के साथ होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top