फर्जी पुलिस बनकर साइबर ठगी, भौंती पुलिस ने किया खुलासा, 11 लाख का माल जब्त

MP DARPAN
0

शिवपुरी। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच भौंती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिलाओं के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील चैटिंग और ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को दुष्कर्म और चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देकर केस सेटलमेंट के नाम पर पैसे वसूलता था। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत थाना भौंती पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने फरार आरोपी पुष्पेन्द्र लोधी उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम तिंधारी को मुखबिर सूचना पर मनपुरा तिराहा से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अश्लील मैसेज और फोटो भेजता था, फिर स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। इसके बाद खुद को पुलिस अधिकारी बताकर केस दर्ज कराने और गिरफ्तारी की धमकी देकर रकम वसूलता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध कमाई से खरीदी गई महिंद्रा बोलेरो कीमत लगभग 11 लाख रुपये और वीवो मोबाइल फोन कीमत 10 हजार रुपये जब्त किया है। कुल जब्ती 11 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय पिछोर में पेश किया जा रहा है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, उपनिरीक्षक कुसुम गोयल, सउनि संजय कुमार भगत, आरक्षक पीकेश कुमार, बंटी उमरैया, रामप्रसाद गुर्जर और मलखान गुर्जर की अहम भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top