शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में करैरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी की बड़ी खेप पकड़ ली। बोलेरो वाहन में भरकर लाई जा रही 30 पेटी अवैध शराब जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। जब्त माल और वाहन की कुल कीमत करीब 6 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के सख्त निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई की। 23 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम काली पहाड़ी स्थित श्रीजी ढाबा के पास एक बोलेरो क्रमांक एमपी 33 सी 8790 में अवैध शराब भरकर खड़ी है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां वाहन में बैठे आरोपी रोहन उर्फ कालू यादव उम्र 20 वर्ष निवासी काली पहाड़ी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान वाहन से 30 पेटियों में भरी 360 बीयर बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा लगभग 234 बल्क लीटर पाई गई। आरोपी से शराब परिवहन का वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब और वाहन को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ म.प्र. आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई के साथ सउनि चरण सिंह, प्रआर डैनी कुमार, आरक्षक हरेन्द्र सिंह, मत्स्येन्द्र गुर्जर, सुरेन्द्र रावत और जितेन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही।


