शिवपुरी। ग्रामीण इलाकों में फर्जी इलाज के धंधे पर आखिरकार प्रशासन का डंडा चल गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के सख्त निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग ने कोलारस क्षेत्र के खरई और डेहरवारा गांवों में ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई कर 5 अवैध क्लीनिकों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के नेतृत्व में गठित टीम ने गांव-गांव जाकर जांच की। ग्राम खरई में 'मानवी क्लिनिकÓ संचालक अखलेश पाल और कार्तिक धाकड़ वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके चलते उनके क्लिनिक मौके पर ही सील कर दिए गए। वहीं कई अन्य संचालक जांच के दौरान क्लिनिक बंद कर फरार मिले। ग्राम डेहरवारा में भी कार्रवाई जारी रही, जहां गणेश कुमार धाकड़, जितेंद्र पाल और संदीप धाकड़ के क्लिनिकों को बिना अनुमति संचालित पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।जांच टीम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील खंडोलिया, बीएमओ डॉ. संजय राठौर, एपिडेमियोलॉजिस्ट लालजू शाक्य और फार्मासिस्ट बालेन्दु रघुवंशी शामिल रहे।


