शिवपुरी। नशे के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत थाना देहात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.45 ग्राम स्मैक कीमत करीब 4 लाख रुपये और एक मोटरसाइकिल जब्त कर नशा माफियाओं को सीधा संदेश दिया है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में यह सटीक कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर देहात पुलिस टीम ने लुधावली स्थित हवाई पट्टी के पीछे नर्सरी ग्राउंड पर दबिश दी, जहां संदिग्ध अवस्था में खड़े आरोपी पवन जाटव उम्र 35 वर्ष निवासी टोगरा रोड फतेहपुर को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और सप्लाई चैन की भी जांच कर रही है। उक्त कार्रवाई में प्रमुख भूमिका निभाने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह सेंगर, उप निरीक्षक सुमित सिंह सेंगर, प्रधान आरक्षक दीपचन्द्र, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सेन, आरक्षक बदन सिंह, आरक्षक अरुण मेवाफरोस, आरक्षक बलवीर सिंह, आरक्षक प्रमोद कुशवाह, आरक्षक सकील एवं आरक्षक सचेन्द्र शर्मा शामिल रहे।



