शिवपुरी। करैरा क्षेत्र में अवैध गुटखा निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दो फैक्ट्री यूनिटों का भंडाफोड़ कर दिया। करीब छह घंटे तक चली इस रेड में भारी मात्रा में मशीनें, वाहन और केमिकल जब्त कर दोनों यूनिट और गोदामों को सील कर दिया गया।
एसडीएम अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक टीम ने शुक्रवार को ग्राम टीला और अमोला कॉलोनी में एक साथ दबिश दी। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री संचालक फरार हो गए, जबकि मजदूर मौके पर ही मिले। कार्रवाई की शुरुआत टीला स्थित यूनिट से हुई, जहां अवैध रूप से गुटखा प्रोसेसिंग और पैकेजिंग का काम चल रहा था। टीम ने फैक्ट्री को तत्काल सील करते हुए पास के गोदाम को भी बंद कराया। इसके बाद अमोला कॉलोनी में संचालित दूसरी यूनिट पर कार्रवाई कर उसे भी सील कर दिया गया। छापेमारी के दौरान प्रशासन ने 11 से अधिक मशीनें, दो लोडिंग वाहन, एक आयशर ट्रक और केमिकल से भरे कई ड्रम जब्त किए। मौके से बड़ी मात्रा में गुटखा निर्माण सामग्री भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां अलग-अलग ब्रांड के नाम पर अवैध गुटखा तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा था। इस संयुक्त कार्रवाई में एसडीओपी आयुष जाखड़, तहसीलदार ललित शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी यूनिटों को खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सील कर जांच शुरू कर दी गई है। एसडीएम अनुराग निंगवाल ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध गुटखा निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है और अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।


