शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने शिवपुरी-कोलारस प्रवास के पहले दिन क्षेत्र को ऐतिहासिक सौगात देते हुए 2500 करोड़ रुपए के रक्षा संयंत्र की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले दो महीनों में यह परियोजना धरातल पर उतरेगी, जिससे कोलारस में औद्योगिक क्रांति का रास्ता खुलेगा और करीब 2000 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। प्रस्तावित संयंत्र कोलारस से लगभग 15 किलोमीटर दूर कोटा हाईवे और बॉम्बे-ग्वालियर हाईवे के संगम पर स्थापित किया जाएगा। लंबे समय से लंबित औद्योगिक मांग को पूरा करने वाली यह परियोजना क्षेत्र की पहचान बदलने वाली साबित होगी।
श्री सिंधिया ने कहा कि अब तक टमाटर उत्पादन और कृषि के लिए पहचाने जाने वाला कोलारस, अब देश की रक्षा शक्ति का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां निर्मित होने वाले रक्षा उपकरण राष्ट्रीय सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएंगे। श्री सिंधिया ने स्पष्ट किया कि यह निवेश केवल उद्योग नहीं, बल्कि रोजगार, कौशल विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने वाला बड़ा कदम है। इससे क्षेत्र में सहायक उद्योगों के विकास की भी संभावनाएं बढ़ेंगी और युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर मिलेंगे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने 19.68 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अंतर्गत बालक-बालिका छात्रावास का भूमिपूजन कर शिक्षा क्षेत्र को मजबूती देने की पहल की गई। वहीं जनपद पंचायत भवन का शिलान्यास कर प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया। कार्यक्रम में नवीन बस स्टैंड और आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया, जिससे आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। इसके साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन कर कोलारस में स्वच्छता और शहरी अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। श्री सिंधिया ने कहा कि कोलारस अब विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है, जहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ बड़े औद्योगिक निवेश भी तेजी से आकार लेंगे। एक ही मंच से औद्योगिक और आधारभूत परियोजनाओं की सौगात देकर उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि कोलारस को योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर प्रदेश के उभरते औद्योगिक एवं रणनीतिक केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।


