शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान में मायापुर थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की पुख्ता सूचना पर टीम ने स्कॉर्पियो क्रमांक यूपी 93 एएक्स 6641 को दौड़ाकर पकड़ा और 20 पेटी अवैध शराब के साथ आरोपी को दबोच लिया। जब्त माल व वाहन की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
मायापुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह नरवरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 24 अप्रैल को वाणी खदान के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध स्कॉर्पियो नजर आई, पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और वाहन को काबू में ले लिया। तलाशी में चार कट्टों से 20 पेटी देशी प्लेन व मसाला मदिरा बरामद हुई, हर पेटी में 50-50 क्वार्टर। वाहन में सवार तालिम नट उम्र 22 वर्ष निवासी काली पहाड़ी, पिछोर, वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में केस दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश सिंह नरवरिया, उनि अजय पटेल, सउनि शेख मेहबूब, प्रआर सुरेन्द्र राय, प्रआर रघुवीर सिंह, प्रआर ऊधम सिंह, आर. सर्वेश शर्मा, चन्द्रभान सिंह, राजवीर पवैया, मुरारीलाल और रवि लोधी की अहम भूमिका रही।


