पिछोर (नीरज गुप्ता)। टेकरी सरकार मंदिर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान शुक्रवार को भक्ति और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा वाचक पंडित रमाकांत व्यास ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और माता यशोदा के वात्सल्य भाव का मार्मिक चित्रण किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा में कंस के अत्याचारों का अंत कर श्रीकृष्ण द्वारा मथुरा-वृंदावन की प्रजा को मुक्ति दिलाने का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कथा के समापन पर भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
इसी अवसर पर संकट मोचन भगवान हनुमान जी का जन्मोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। मंदिर परिसर में छप्पन भोग अर्पित कर केक काटा गया और बजरंगबली के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों की ओर उमड़ पड़ी। कई स्थानों पर फलाहार, केला, सेव और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिरों में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। वहीं राजस्थान से आई भजन संध्या पार्टी ने अपने सुरों से माहौल को और भक्तिमय बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में अपार उत्साह, उमंग और आस्था देखने को मिली, जिससे टेकरी सरकार मंदिर परिसर पूर्णतः भक्तिमय हो उठा।


