देर रात कार्रवाई, नगदी और ताश की गड्डी जब्त
शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्राम टीला में देर रात चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से 10 हजार 20 रुपये नगद और 52 पत्तों की ताश गड्डी जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिलेभर में अवैध जुआ, सट्टा, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कोलारस पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टीला में कुछ लोग रुपयों की हार-जीत का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान छह लोग अवैध रूप से जुआ खेलते मिले। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से 10,020 रुपये नगद और ताश की गड्डी जब्त कर ली। थाना कोलारस पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बबलेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक अमृतलाल भिलाला, प्रधान आरक्षक रघुवीर सिंह, आरक्षक नरेश यादव, सुधीर सिंह गुर्जर, प्रमोद वर्मा, निर्मल बारेला, पुष्पेंद्र रावत, लालू प्रसाद यादव और चालक आरक्षक रनवीर सिंह यादव की अहम भूमिका रही।

