शिवपुरी में आईटीबीपी का बड़ा तकनीकी कदम: ड्रोन एवं मैन्युवर पार्क का शुभारंभ, आधुनिक प्रशिक्षण को मिलेगी नई उड़ान

MP DARPAN
0

शिवपुरी। आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों और तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आईटीबीपी के कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट (सीआईटीआई) शिवपुरी में अत्याधुनिक ड्रोन एवं मैन्युवर पार्क का भव्य शुभारंभ किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन उप महानिरीक्षक रोशन लाल ठाकुर तथा उप महानिरीक्षक राजेश कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन समारोह में संस्थान एवं टेलीकॉम बटालियन के वरिष्ठ अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, प्रशिक्षकों और विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ड्रोन पार्क में विकसित विशेष बाधाओं (ऑब्स्टेकल्स), मैन्युवर अभ्यास क्षेत्र और ड्रोन संचालन से जुड़ी अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि संस्थान में स्थापित ड्रोन लैब और ड्रोन फैब्रिकेशन प्रोजेक्ट की शुरुआत उप महानिरीक्षक श्री रोशन लाल ठाकुर के मार्गदर्शन में एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई थी। उनकी दूरदर्शी सोच और तकनीकी नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि यह परियोजना अब पूर्ण रूप से विकसित होकर प्रशिक्षुओं के लिए समर्पित कर दी गई है। अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में ड्रोन तकनीक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। सीमाओं की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, निगरानी और विशेष अभियानों में ड्रोन की बढ़ती भूमिका को देखते हुए जवानों का तकनीकी रूप से दक्ष होना बेहद आवश्यक है। ऐसे आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र भविष्य की चुनौतियों से निपटने में सुरक्षा बलों की क्षमता को नई मजबूती प्रदान करेंगे। नव स्थापित ड्रोन एवं मैन्युवर पार्क में प्रशिक्षुओं को ड्रोन संचालन, उड़ान नियंत्रण, तकनीकी रखरखाव तथा विभिन्न परिस्थितियों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे आईटीबीपी कर्मियों की ऑपरेशनल दक्षता के साथ-साथ तकनीकी कौशल में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और प्रशिक्षुओं ने इस अभिनव परियोजना की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सुरक्षा बलों में तकनीकी नवाचार और आधुनिक प्रशिक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। यह पहल शिवपुरी स्थित सीआईटीआई को देश के अग्रणी तकनीकी प्रशिक्षण संस्थानों में नई पहचान दिलाने की ओर एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top