बैराड़ में अवैध खनन पर तहसीलदार की कार्रवाई, बिना रॉयल्टी के खंडों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर गुरुवार को बैराड़ तहसील प्रशासन ने अवैध खंडों का परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार बैराड़ तहसीलदार अजय परसेडिया कस्बे में भ्रमण पर थे। इसी दौरान बस स्टैंड के आगे कृषि उपज मंडी के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में बैराड़ की ओर आती दिखाई दी। वाहन को रोककर जांच की गई तो उसमें पत्थर के अवैध खंड भरे मिले। तहसीलदार ने चालक से रॉयल्टी एवं परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे वाहन को बैराड़ थाने में पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में तहसील प्रशासन द्वारा प्रकरण तैयार किया जा रहा है, जिसे आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर कार्यालय भेजा जाएगा। नियमानुसार जुर्माना सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। तहसीलदार अजय परसेडिया ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध खनन, खनिज परिवहन और भंडारण पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top