शिवपुरी। सिरसौद थाना क्षेत्र में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा तोड़कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की तेज कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली।
ग्राम सूंड निवासी विकास पुत्र तुलाराम जाटव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20-21 मई की दरमियानी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाबा साहब की प्रतिमा को तोड़कर खंडित कर दिया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामले में सिरसौद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 147/26 धारा 298 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा, निरीक्षक रवि चौहान, उप निरीक्षक विनोद यादव और सउनि जगदीश भिलाला की टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर आरोपी कैलाश यादव पुत्र रामदयाल यादव उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम सूंड हाल निवासी खर्द को बेरजा नदी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रवि चौहान थाना प्रभारी पोहरी, निरीक्षक सुरेश शर्मा थाना प्रभारी बैराड़, उप निरीक्षक विनोद यादव थाना प्रभारी गोपालपुर, सउनि जगदीश भिलाला थाना सिरसौद, सउनि ब्रजपाल सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक रविन्द्र सिनोरिया, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह सेंगर, प्रधान आरक्षक सत्यवीर सिंह जादौन, प्रधान आरक्षक मुकेश इन्दौरिया, आरक्षक मुकेश परमार, आरक्षक प्रांशू जादौन एवं आरक्षक चालक रमेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


