शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा के सख्त निर्देशों के बाद शिवपुरी जिले में अवैध खनन माफिया के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। खनिज विभाग, राजस्व, वन, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स लगातार कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर शिकंजा कस रही है।
शहरी क्षेत्र में व्यावसायिक बेसमेंट निर्माण की आड़ में मुरम के अवैध उत्खनन और बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में करोड़ों रुपये के अवैध खनन का खुलासा होने पर संबंधित के खिलाफ करीब 2 करोड़ 96 लाख 10 हजार रुपये के अर्थदंड का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। इधर, 14 मई को पिछोर तहसील के गढ़रौली आर्मी फायरिंग रेंज क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करते हुए 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गईं। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान सभी वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना पिछोर की अभिरक्षा में रखा गया है। मामले की जांच जारी है। पोहरी तहसील में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरम के अवैध उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन जब्त कर पुलिस थाना पोहरी में खड़ी कराई है। खनिज विभाग के अनुसार अप्रैल माह से अब तक जिले में अवैध खनिज परिवहन के 23 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 17 मामलों का निराकरण कर 17 लाख 39 हजार 510 रुपये की अर्थदंड राशि वसूल की गई है, जबकि 6 मामले अभी विचाराधीन हैं। इसके अलावा रेत, गिट्टी, एम-सैंड और बोल्डर के अवैध भंडारण के 5 प्रकरण भी दर्ज किए गए, जिनमें दो मामलों में 97 हजार 400 रुपये की वसूली की जा चुकी है। कलेक्टर ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


