हाईवे पर फिल्मी अंदाज में घेराबंदी, 48 लाख की खेप जब्त
शिवपुरी। करैरा पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पिछोर-बामौर रोड पर दौड़ रही एक लग्जरी हुंडई क्रेटा कार से 194 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा और कार की कुल कीमत करीब 48 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ आईपीएस के निर्देशन में थाना प्रभारी विनोद छावई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिल्वर रंग की क्रेटा कार क्रमांक यूपी 14 डीआर 8712 में भारी मात्रा में अवैध गांजा भरकर दो तस्कर करैरा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्टिव हो गई और पाल कॉलोनी के पास हाईवे पर घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। पुलिस ने जैसे ही कार को रोका और तलाशी शुरू की, अंदर का नजारा देखकर टीम भी चौंक गई। कार की पिछली सीट और डिक्की में सात प्लास्टिक की बोरियां भरी हुई थीं। बोरियां खोलने पर उनमें सफेद पॉलीथिन पैकेटों में गांजा मिला। प्रत्येक बोरी में 28 पैकेट रखे गए थे। मौके पर तौल कराने पर कुल 194 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम नीरज राय निवासी टीला करैरा और मानसिंह विश्वकर्मा निवासी नयाताल करैरा बताए। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि गांजे की यह खेप दतिया जिले के बसई निवासी रुपसिंह लोधी से खरीदी गई थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चैन की तलाश में जुट गई है। करैरा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों पर पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद छावई, उनि राज कुमार सिंह चाहर, उनि पुष्पेन्द्र सिहं चौहान, सउनि चरण सिंह, प्रआर डैनी कुमार, आरक्षक हरेन्द्र सिंह गुर्जर, मत्स्येन्द्र सिंह गुर्जर, दामोदर परिहार सायवर सैल, रामअवतार गुर्जर, जितेन्द्र कुमार, सोनू श्रीवास्तव की अहम भूमिका रही।


