शिवपुरी। खनियाधाना थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के घर हुई लाखों की चोरी का खनियांधाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी किरायेदार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 लाख 70 हजार रुपए का चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद उप जेल पिछोर भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना खनियाधाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा के अनुसार, फरियादिया गिरजाबाई साहू उम्र 70 वर्ष निवासी वंशीवट मोहल्ला ने पुलिस को बताया था कि वह 25 मई को सुबह माता मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। दोपहर में लौटने पर घर के पीछे का गेट टूटा मिला। कमरे में रखा बक्सा भी टूटा पड़ा था, जिसमें रखे 1 लाख 70 हजार रुपए नगद और करीब 1 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर गायब थे। महिला को अपने किरायेदार नीरज जाटव पर शक था, जो घटना के बाद से लापता था। खनियाधाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही नीरज जाटव सीता पाठा मंदिर के पास सिनावल रोड स्थित गौशाला के पीछे बैठा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी नीरज जाटव पुत्र आशाराम जाटव निवासी मजरा हरीनगर ग्राम खरगवाह थाना पिछोर ने चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से नगदी सहित सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए। आरोपी के खिलाफ थाना मायापुर और पिछोर में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव के नेतृत्व में सउनि राम सिंह भिलाला, कमल किशोर सैधिया, जगदीश बजारा, हजारीलाल जाटव, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र सिंह पाल, नीतू सिंह, हीरा सिंह पाल, आरक्षक रवि बाथम, योगेन्द्र सिंह, हेमसिंह, दीपक किरार, अरविंद सिंह कौरव, उमेश लोधी, महिला आरक्षक हनी राजा चौहान और चालक राहुल लोधी की सराहनीय भूमिका रही।


