कोतवाली पुलिस ने 7 पेटी अवैध शराब के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। शहर में अवैध शराब कारोबार पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 पेटी देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 350 क्वार्टर देशी प्लेन मदिरा जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी से शराब सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, मादक पदार्थ और जुए-सट्टे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले और नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित की थी। बुधवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पोहरी बस स्टैंड के पीछे एक युवक अवैध शराब बेचने की तैयारी में खड़ा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल सेन उर्फ गोलू पुत्र शिवदयाल सेन निवासी कृष्णपुरम कॉलोनी शिवपुरी बताया। पुलिस ने आरोपी के पास रखे दो सफेद प्लास्टिक कट्टों की तलाशी ली तो उनमें 7 गत्ते की पेटियां मिलीं। हर पेटी में 50-50 क्वार्टर देशी प्लेन शराब रखी थी। कुल 350 क्वार्टर शराब बरामद हुई। आरोपी शराब रखने और बेचने का कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, सउनि प्रवीण त्रिवेदी, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, अवतार सिंह, संतोष बैस, आरक्षक राहुल कुमार और चालक आरक्षक शरद यादव की विशेष सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top