11 पेटी अवैध शराब के साथ स्विफ्ट कार जब्त, तस्कर पुलिस को देखकर भागा

MP DARPAN
0

शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए झांसी से शिवपुरी की ओर तस्करी कर लाई जा रही 11 पेटी देशी प्लेन शराब से भरी स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर ली। हालांकि आरोपी चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध शराब भरकर झांसी से शिवपुरी लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टीला रोड तिराहे पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार क्रमांक यूपी 15 डीडी 4002 आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को रॉन्ग साइड से तेज गति में दौड़ाते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी कार को आईटीवी बाउंड्री के पीछे कलोथरा के पथरीले क्षेत्र में ले गया, जहां वाहन पत्थर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। आगे रास्ता बंद होने पर चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 11 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिनमें कुल 550 क्वार्टर (99 बल्क लीटर) शराब रखी थी। बरामद शराब की कीमत करीब 55 हजार रुपए तथा कार की कीमत लगभग 6 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने कुल 6.55 लाख रुपए का माल जब्त किया है। जांच में वाहन का पंजीयन हृदेश राजपूत निवासी रक्सा, झांसी के नाम पर पाया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 415/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद छावई, उपनिरीक्षक राजकुमार चाहर, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र सिंह तथा आरक्षक हरेन्द्र गुर्जर, मत्स्येन्द्र गुर्जर और शिवम यादव की सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top