दो बूंद जिंदगी की अभियान : जिले के 2.65 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

MP DARPAN
0

2,150 पोलियो बूथ, 56 ट्रांजिट बूथ एवं 40 मोबाइल टीमें रहेंगी तैनात, पल्स पोलियो जागरूकता रैली निकाली

शिवपुरी। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 28 जून से होगा। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के नेतृत्व में चलने वाले इस अभियान के तहत जन्म से पाँच वर्ष तक के दो लाख पैंसठ हजार तीन सौ पंचानवे बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद दवा पिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि भारत वर्ष दो हजार चौदह से पोलियो मुक्त है, लेकिन विश्व के कुछ देशों में अभी भी पोलियो विषाणु सक्रिय होने के कारण सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में दो हजार एक सौ पचास पोलियो बूथ, छप्पन पारगमन बूथ तथा चालीस चलित दल बनाए गए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख आवागमन स्थलों पर पारगमन बूथ संचालित होंगे, जबकि चलित दल घुमंतू, प्रवासी, ईंट-भ_ों और निर्माण स्थलों पर रहने वाले बच्चों तक पहुँचकर उन्हें दवा पिलाएँगे। अभियान में चार हजार तीन सौ स्वास्थ्यकर्मी एवं दो सौ बीस पर्यवेक्षक सेवाएँ देंगे। इसकी सतत निगरानी जिला प्रशासन और विश्व स्वास्थ्य संगठन करेगा। अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला चिकित्सालय से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे डॉ. संजय ऋषीश्वर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने पाँच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएँ और पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा अवश्य पिलवाएँ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top