लाइब्रेरी में कथित प्रताड़ना के बाद छात्रा ने दी जान, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चार युवक गिरफ्तार

MP DARPAN
0

चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर भेजा जेल

शिवपुरी। पिछोर थाना क्षेत्र में एक छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटीया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी प्रशांत शर्मा के निर्देशन में की गई।

पिछोर टीआई नीतू सिंह के अनुसार, 25 जून 2026 को ग्राम पनिहारी निवासी अंगूरी बाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पुत्री ने फोन पर बताया था कि रामवीर लोधी, सत्यम लोधी, राहुल लोधी और सतीश लोधी ने लाइब्रेरी में उसे धमकाया, मोबाइल छीन लिया, सिम तोड़ दी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसके कुछ समय बाद छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शिकायत के आधार पर पिछोर थाने में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने रामवीर लोधी, सत्यम लोधी, सतीश लोधी और अंशुल उर्फ अंश लोधी से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि मोबाइल और आपसी विवाद के बाद छात्रा मानसिक तनाव में थी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पिछोर में पेश किया, जहां से उन्हें उप जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उपनिरीक्षक रामानंद पचौरी, रामकिशोर जोशी, बी.एल. दोहरे, जहान सिंह, अरविंद सगर, रामहेत सिंह, धर्मेन्द्र लोधी, हाकिम वर्मा, कमल मांझी, बाबूलाल पाल, बचान सिंह तोमर, अंकित सिंह, रामवतार सिंह एवं अरविंद मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top