रात ढाई बजे कॉलोनी में घूमते दिखे 8 से 10 संदिग्ध, नकदी-चांदी के आभूषण समेत हजारों का सामान पार
शिवपुरी। शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच हनुमान कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने लाखों नहीं, लेकिन लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। चोरी की यह वारदात पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस पारदी गिरोह की संलिप्तता की आशंका को लेकर जांच में जुट गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी गिरोह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, हनुमान कॉलोनी निवासी मस्तराम वर्मा के सूने मकान में बदमाश देर रात घुस गए और घर में रखे 27 हजार रुपये नकद, बैग में रखे 4 हजार रुपये, चांदी की पायल, बिछिया, अस्पताल का पहचान-पत्र सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गया सामान करीब 31 हजार रुपये का बताया गया है। पीड़ित मस्तराम वर्मा ने बताया कि पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरों में रात 2:16 बजे से 2:50 बजे के बीच 8 से 10 संदिग्ध कॉलोनी में घूमते और आवाजाही करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। वहीं नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे रात के समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


