शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने महुअर नदी के तिसाटा धाम घाट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने मौके से अवैध रेत उत्खनन में इस्तेमाल हो रहे तीन ट्रैक्टर, चार ट्रॉलियां, दो पम्प (दमकल), तीन बड़े पंखे, पांच पाइप सहित करीब 35 लाख रुपये की मशीनरी और वाहन जब्त किए। पुलिस की दबिश पड़ते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा और अवैध हथियारों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में करैरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महुअर नदी के तिसाटा धाम घाट पर पम्प और बड़े पंखों की मदद से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही रेत माफिया वाहन छोड़कर फरार हो गए। मौके से स्वराज-735 के दो ट्रैक्टर, एक सोनालिका ट्रैक्टर, चार ट्रॉलियां तथा रेत उत्खनन में उपयोग किए जा रहे दो पम्प, तीन बड़े पंखे और पांच पाइप बरामद किए गए। ट्रॉलियों पर करण सिंह राजपूत ग्राम सिरसौना, जय बाबा तिसाटा धाम, जगदीश लोधी सिरसौना तथा दीपक, कदम सिंह, सोनू, बलराम अंकित मिला। पुलिस ने सभी वाहन एवं उपकरण जब्त कर खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण खनिज विभाग शिवपुरी को भेज दिया है। जब्त सामग्री में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली 30 लाख, एक अतिरिक्त ट्रॉली 2 लाख और रेत उत्खनन उपकरण 2 लाख रूपए शामिल हैं। उक्त कार्रवाई में सउनि चरणसिंह, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार, आरक्षक हरेन्द्र गुर्जर, सुरेन्द्र रावत, रामअवतार गुर्जर, जितेन्द्र कुमार, सुनील कुमार तथा दीपक मल्होत्रा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब फरार वाहन चालकों और संबंधित वाहन स्वामियों की तलाश में जुटी है।


