शिवपुरी। जिले में रविवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ उत्साह के साथ हुआ। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के नेतृत्व में चल रहे इस तीन दिवसीय अभियान के तहत 28 से 30 जून तक जन्म से 5 वर्ष तक के 2 लाख 65 हजार 395 बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी।
अभियान के पहले दिन जिला चिकित्सालय सहित जिले के सभी विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पल्स पोलियो बूथों का शुभारंभ कर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। जिला चिकित्सालय में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज एवं सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर ने अभियान की शुरुआत की। सीएमएचओ डॉ. ऋषीश्वर ने बताया कि जिले में अभियान को सफल बनाने के लिए 2150 पल्स पोलियो बूथ, 56 ट्रांजिट बूथ तथा 40 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ईंट-भट्टों, क्रेशरों, सड़क निर्माण स्थलों और घुमंतू परिवारों तक पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रही हैं, ताकि कोई भी बच्चा छूटने न पाए। अभियान के संचालन में 4300 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी तथा 220 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन और डब्ल्यूएचओ के मॉनिटर अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया ने अभिभावकों से अपील की है कि 29 और 30 जून को घर-घर पहुंचने वाली पल्स पोलियो टीम को सहयोग करें तथा जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि हर बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना ही अभियान का लक्ष्य है, क्योंकि पोलियो मुक्त भविष्य हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।


