आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, पेड़-खंभे गिरे, ढाबा और मकान धराशायी

MP DARPAN
0

कार, बाइक, दुकान और पेट्रोल पंप को नुकसान, कई इलाकों में बिजली गुल, जनहानि नहीं होने से मिली राहत

शिवपुरी। मानसून की पहली तेज बारिश और आंधी ने शनिवार को शिवपुरी जिले में जमकर कहर बरपाया। कुछ ही मिनटों की तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जगह-जगह विशाल पेड़ जड़ से उखड़ गए, बिजली के खंभे धराशायी हो गए और वाहन, दुकानें व मकान क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई।

शहर के पोलो ग्राउंड के पास दो विशाल नीम के पेड़ तेज हवा में धराशायी हो गए। एक पेड़ दुकान और उसकी बाउंड्री पर गिरा, जबकि दूसरा एक बड़े होर्डिंग और पास खड़ी कार पर आ गिरा। शहर के दूसरे हिस्से में पेड़ गिरने से दो बिजली के खंभे टूट गए, जिससे बिजली के तार सड़क पर बिखर गए। एक स्कूटी और मोटरसाइकिल भी पेड़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। उधर सुभाषपुरा गांव में आंधी का सबसे भयावह असर देखने को मिला। तेज हवाओं से एक बड़ा ढाबा पूरी तरह ढह गया, एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया और एक पेट्रोल पंप की छत व संरचना को भी भारी नुकसान पहुंचा। वहीं मनियर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी बाइक पर पेड़ गिरने से वह बुरी तरह टूट गई। घटनाओं की सूचना मिलते ही नगरपालिका, विद्युत विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। मशीनों की सहायता से गिरे पेड़ हटाए गए और बिजली व्यवस्था बहाल करने का कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है तथा नागरिकों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर भवनों से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top