शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार ने समस्त जिलों के नए प्रभारियों की नियुक्ति की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य की सहमति से जारी सूची में शिवपुरी अजा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीर सिंह सगर को अशोकनगर जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वीर सिंह सगर लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। अजा मोर्चा शिवपुरी के जिलाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। अनुसूचित जाति बस्तियों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में भी उनका विशेष योगदान रहा है। नियुक्ति के बाद वीर सिंह सगर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य एवं प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार का आभार जताया। उन्होंने कहा संगठन ने जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरूंगा। अशोकनगर जिले के हर मंडल और बूथ तक पहुंचकर संगठन को और मजबूत करूंगा। प्रभारी बनने की घोषणा के बाद से ही वीर सिंह सगर को बधाई देने वालों का तांता लग गया। भाजपा जिलाध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक, मंडल अध्यक्षों एवं मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।


