पतंजलि मेगा स्टोर में हुई चोरी का खुलासा, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

कोतवाली पुलिस ने बरामद किया 40 हजार का लैपटॉप, नकदी और वारदात में इस्तेमाल सरिया 

शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने पतंजलि मेगा स्टोर में हुई नकबजनी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपये कीमत का एचपी कंपनी का लैपटॉप, 700 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सरिया जब्त किया है।

कोतवाली टीआई रोहित दुबे के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को कृष्णपुरम कॉलोनी निवासी तरुण पुत्र नरेंद्र प्रताप सिंह ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कमलागंज एबी रोड स्थित उनके पतंजलि मेगा स्टोर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले तथा नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने गांधी पार्क स्थित मानस भवन के पास से सूरज उर्फ सराफत शाक्य उम्र 19 वर्ष निवासी कोलिया की माता मंदिर के सामने, शिवपुरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी गया एचपी लैपटॉप, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे का सरिया बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उक्त  कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित दुबे, उपनिरीक्षक प्रवीण त्रिवेदी, प्रधान आरक्षक विनय कुमार, बाबूलाल तथा आरक्षक राहुल कुमार और महेन्द्र तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top