शिवपुरी। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईटीआई), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल शिवपुरी द्वारा आज एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने स्वस्थ शरीर, स्वस्थ राष्ट्र के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की। रैली का शुभारंभ संस्थान के प्रधानाचार्य एवं उप महानिरीक्षक (दूरसंचार) राजेश चौधरी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। जैसे ही रैली प्रारंभ हुई, परिसर फिट इंडिया के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
इस अवसर पर डीआईजी श्री चौधरी ने अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, कार्मिकों एवं प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल चलाना केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और मानसिक तनाव कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विशेष रूप से संडे ऑन साइकिल अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति रविवार को साइकिल चलाने की आदत अपनाए, तो समाज में स्वास्थ्य क्रांति लाई जा सकती है। साइकिलिंग से हृदय स्वास्थ्य बेहतर होता है, सहनशक्ति बढ़ती है और जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव संभव है। रैली में संस्थान के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने फिट इंडिया, स्वस्थ भारत और पर्यावरण संरक्षण के नारे लगाते हुए समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी ने नियमित व्यायाम, साइकिलिंग एवं पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का प्रण लिया।


