फिजिकल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 106 ग्राम स्मैक, 52 हजार नकद और बाइक सहित एक तस्कर गिरफ्तार

MP DARPAN
0

कुल 28 लाख 2 हजार रुपये का मशरूका जब्त

शिवपुरी। फिजिकल थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के खिलाफ जोरदार प्रहार किया है। फिजिकल टीआई कृपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करवला पुलिया के पास से एक तस्कर को रंगे हाथों दबोचकर उसके कब्जे से 106 ग्राम स्मैक, 52 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सहित कुल 28 लाख 2 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

फिजिकल टीआई कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के निर्देशन में नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति करवला पुलिया के पास स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामनिवास उर्फ करुआ रावत उम्र 35 वर्ष पुत्र सरदार सिंह रावत निवासी ग्राम पाटई, थाना आरोन, जिला ग्वालियर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 106 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 26 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 127/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब स्मैक के स्रोत और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उल्लेखनीय है कि फिजिकल थाना पुलिस ने पिछले डेढ़ वर्ष में कई बड़ी कार्रवाइयों में करीब 400 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत 1 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक है, जब्त की है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़, उनि रामेन्द्र सिंह चौहान, सउनि बजरंग सिंह जादौन, प्रआर अंजीत तिवारी, विजय सेंगर, प्रआरचा सुशील जाट, आरक्षक अजय यादव, बृजेश जादौन, पुष्पेन्द्र रावत, विजय मीणा, सागर भारद्वाज, जितेन्द्र धाकड़, अरविन्द सिंह तथा सैनिक रिकू बाथम की सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top