बोले- श्रद्धालुओं का विश्वास जीतना ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी
शिवपुरी। सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों को गति देते हुए ग्वालियर रेंज के डीआईजी असित यादव ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में आयोजित 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया। दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ शुरू हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आगामी महापर्व की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
डीआईजी श्री यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महाकुंभ है। ऐसे विशाल आयोजन में पुलिस की भूमिका सुरक्षा तक सीमित नहीं रहती, बल्कि श्रद्धालुओं को विश्वास, सहयोग और सहज वातावरण उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग को सिंहस्थ प्रबंधन की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय से ही व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस बल से आधुनिक तकनीकों, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और संवेदनशील व्यवहार को अपनाने का आह्वान किया। डीआईजी ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को व्यवहारिक, तकनीक आधारित और परिणामोन्मुख कार्यप्रणाली से जोडऩा है, ताकि सिंहस्थ-2028 में सुरक्षा और व्यवस्था का उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत किया जा सके। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले, सीएसपी संजय चतुर्वेदी, एसडीओपी संजय मिश्रा, रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


