आवारा कुत्तों के आतंक के खिलाफ नपा ने शुरू किया धरपकड़ अभियान

MP DARPAN
0

पिंजरे कम पड़े तो सीएमओ ने तुरंत नई और मजबूत जालियों की व्यवस्था करने के दिए निर्देश

शिवपुरी। शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और नागरिकों की लगातार शिकायतों के बाद नगर पालिका परिषद ने अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी इशांक धाकड़ के  मार्गदर्शन में सोमवार को शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन धरपकड़ अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

नगर पालिका की टीम ने सुबह से ही मीट मार्केट, सुभाष चौक, नीलगर चौराहा, बड़ा बाजार, लकी गार्डन, जवाहर कॉलोनी, महल कॉलोनी और नवाब साहब रोड सहित कई इलाकों में कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में आवारा और आक्रामक कुत्तों को पकड़ा गया। अभियान के बीच पुरानी जालियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ कुत्ते छूटकर भाग निकले, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ इशांक धाकड़ ने तत्काल नई और मजबूत जालियों की व्यवस्था करने के निर्देश जारी कर दिए।  सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जब तक आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो जाता, तब तक अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं दूसरी ओर, वर्षाकाल को देखते हुए नगर पालिका ने जलभराव रोकने की दिशा में भी कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार रात कमलागंज पुल के समीप नाले की विशेष सफाई कर बड़ी मात्रा में कचरा हटाया गया। साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नाइट क्लीनिंग ड्राइव भी शुरू कर दी गई है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top