30 जून तक मिलेगा स्विमिंग, स्केटिंग, डांस और क्रिकेट सीखने का मौका, सुरक्षा और विशेषज्ञ प्रशिक्षण पर विशेष जोर
शिवपुरी। गर्मी की छुट्टियों को यादगार और उपयोगी बनाने के उद्देश्य से संचालित सुखवीर डांस अकैडमी का समर कैम्प अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। कैम्प के केवल 30 दिन शेष हैं और यह 30 जून तक संचालित होगा। ऐसे में बच्चों को नई प्रतिभाएं निखारने और विशेषज्ञों से प्रशिक्षण प्राप्त करने का यह अंतिम अवसर है।
कैम्प में बच्चों को स्विमिंग, स्केटिंग, डांस और क्रिकेट का व्यवस्थित एवं पेशेवर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अकैडमी के संचालक सुखवीर कुशवाह एवं योग्य प्रशिक्षकों की टीम द्वारा बच्चों को खेल और कला के क्षेत्र में दक्ष बनाने के लिए विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। मेवाड़ पैलेस में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग बैचों में स्विमिंग प्रशिक्षण कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लाइफ सेफ्टी के बेहतर इंतजाम किए गए हैं, जिससे अभिभावक भी निश्चिंत होकर बच्चों को प्रशिक्षण दिला सकें। वहीं वीर सावरकर पार्क में स्केटिंग और पतंजलि जैन मंदिर गली, गुरुद्वारा क्षेत्र में डांस की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इसके अलावा हॉलीवुड्स इंटरनेशनल स्कूल में क्रिकेट, डांस और स्विमिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संचालक सुखवीर कुशवाह ने बताया कि समर कैम्प का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा देना है। उन्होंने कहा कि खेल और कला बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और अनुशासन को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि कैम्प के शेष दिनों का लाभ उठाकर अपने बच्चों को प्रशिक्षण दिलाएं, ताकि वे भविष्य में अपनी प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें।


