उत्कृष्टता और अनुशासन पर रहेगा फोकस : डीआईजी चौधरी
शिवपुरी। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के वरिष्ठ अधिकारी राजेश चौधरी ने 1 जून 2026 को उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद का कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वे आईटीबीपी के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान शिवपुरी में कमांडेंट के पद पर कार्यरत थे। पदोन्नति के पश्चात डीआईजी पद संभालने पर उन्होंने बल की परंपराओं, अनुशासन एवं पेशेवर दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
डीआईजी श्री चौधरी ने स्पष्ट किया कि संगठन की परिचालन क्षमता को और अधिक मजबूत करने, प्रशिक्षण व्यवस्था को आधुनिक बनाने तथा जवानों के कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। अपने अब तक के सेवाकाल में राजेश चौधरी को एक ईमानदार, कर्मठ एवं अनुशासित अधिकारी के रूप में जाना जाता है। विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों के सफल निष्पादन के दौरान उन्होंने संगठनात्मक मूल्यों को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। कार्यभार ग्रहण के अवसर पर आईटीबीपी के अधिकारियों एवं जवानों ने उन्हें पदोन्नति की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं प्रभावी कार्यकाल की कामना की। नई जिम्मेदारी के साथ शिवपुरी संस्थान में उनके नेतृत्व से संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


