शिवपुरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईटीआई) आईटीबीपी शिवपुरी ने रविवार सुबह आयोजित ऑनलाइन गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड योग इवेंट में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक चले कार्यक्रम में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, अन्य कार्मिकों और प्रशिक्षणार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का आयोजन उप महानिरीक्षक राजेश कुमार चौधरी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। निर्धारित योग प्रोटोकॉल के तहत प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान पूरे परिसर में अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मकता का माहौल देखने को मिला। अपने संबोधन में डीआईजी राजेश कुमार चौधरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सशक्त व्यक्तित्व की आधारशिला है। नियमित योगाभ्यास से मानसिक तनाव कम होता है, आत्मविश्वास बढ़ता है और कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार आता है। उन्होंने सभी कार्मिकों और प्रशिक्षणार्थियों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मौजूद सभी प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा फिट इंडिया, हेल्दी इंडिया के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया। आईटीबीपी शिवपुरी की यह सहभागिता न केवल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व को रेखांकित करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सुरक्षा बलों में शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है।


