शिवपुरी। अमोला थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक माह से फरार चल रहे दो आरोपियों चतुर सिंह तोमर और अरुण प्रताप तोमर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
मामला अपराध क्रमांक 109/2026 का है। फरियादी बीरेन्द्र सिंह तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 मई को वह अपनी ममेरी बहन मनीषा उर्फ लाली के साथ घर की छत पर था। तभी केशव उर्फ कृष्णा उर्फ भोलू तोमर, इन्दपाल तोमर, लखन तोमर, अरुण तोमर, चतुर सिंह तोमर और रविन्द्र सिंह तोमर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे। आरोप है कि मारपीट के दौरान लखन तोमर ने 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से और केशव उर्फ भोलू ने कट्टे से जान से मारने की नीयत से फायर किया। थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह सेंगर के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार दबिश देकर फरार आरोपी अरुण प्रताप तोमर और चतुर सिंह तोमर को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में सुखदेव राम भगत, नीतेन्द्र सिंह, संजीव श्रीवास्तव, आकाश शाक्य, कुलदीप, हिम्मत सिंह, रामबीर बघेल और जितेन्द्र कलावत की सराहनीय भूमिका रही।


