रायश्री में वृक्षारोपण कार्यक्रम एक पेड़ माँ के नाम अभियान को मिला जनआंदोलन का स्वरूप
शिवपुरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम रायश्री स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का संदेश गूंजा।
मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र जैन ने ग्रामीणों और किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने घरों और खेतों की खाली भूमि पर अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाएं। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाएगा, बल्कि भविष्य में ग्रामीणों के लिए आय का स्थायी स्रोत भी बनेगा, जिससे आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा बदलाव आएगा। कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि हर बच्चा अपने जन्मदिन या विशेष अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी कम से कम एक वर्ष तक देखभाल करे। साथ ही उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों में व्यापक पौधारोपण के निर्देश दिए। योग आयोग के अध्यक्ष राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी सुरक्षा और नियमित देखभाल ही वास्तविक पर्यावरण संरक्षण है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।


