दस्तक अभियान में लापरवाही नहीं चलेगी, कलेक्टर का अल्टीमेटम, 14 जुलाई से घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

MP DARPAN
0

बैठक से गायब मिले आरबीएसके प्रभारी, कलेक्टर ने जारी कराया कारण बताओ नोटिस

शिवपुरी। जिले में 14 जुलाई से शुरू होने वाले दस्तक अभियान को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सख्त तेवर अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करते हुए 31 अगस्त तक जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच करेंगी। जरूरतमंद बच्चों को जिंक की गोलियां, ओआरएस के पैकेट और आयरन सिरप उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान से जुड़ी सभी जानकारी और रिकॉर्ड अगले दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत डिजिटल करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि निगरानी और समीक्षा प्रभावी ढंग से हो सके। एनीमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाडिय़ों में हर मंगलवार आयरन दिवस के रूप में मनाया जाए। कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को गुलाबी तथा कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों को नीली आयरन गोली अनिवार्य रूप से दी जाएगी। इसकी नियमित निगरानी के लिए अधिकारियों को स्कूलों और आंगनबाडिय़ों का औचक निरीक्षण करने तथा मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नियमित टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, सीएम हेल्पलाइन, गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन और टीबी मुक्त भारत अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी लंबित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। बैठक के दौरान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के प्रभारी राजेंद्र शर्मा के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया और उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जिम्मेदारियों से बचने वाले अधिकारियों के प्रति प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा और अभियान की सफलता में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top