इस्कॉन शिवपुरी ने धर्मप्रेमियों से रथ खींचकर पुण्य लाभ लेने का किया आह्वान
शिवपुरी। अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) शिवपुरी द्वारा इस वर्ष दूसरी बार 20 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होने वाली यह धार्मिक यात्रा श्रद्धा, भक्ति और संकीर्तन के बीच शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। इस्कॉन ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान का रथ खींचने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
स्थानीय बायपास स्थित इस्कॉन मंदिर में आयोजित पत्रकारवार्ता में केंद्र प्रभारी रसराज प्रभु ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को भक्ति, प्रेम और सद्भाव का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस महोत्सव में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करें। रथयात्रा तात्या टोपे पार्क से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा चौराहा, माधव चौक, कोर्ट रोड, अस्पताल चौराहा, अग्रसेन चौराहा, एमएम हॉस्पिटल और पूरी चौराहा होते हुए बायपास स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। पूरे मार्ग में श्रद्धालु हरे कृष्ण, हरे कृष्ण... हरे राम, हरे राम... के संकीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भक्ति रस में सराबोर रहेंगे। यात्रा के समापन पर इस्कॉन मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई है। प्रेसवार्ता में समाजसेवी राजेंद्र गुप्ता सेठ, किशोर जैमिनी, जयप्रकाश चौधरी, कपिल गुप्ता और अजय राजपूत सहित इस्कॉन से जुड़े अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

