दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के साथ ही पार्टी के भीतर सियासी भूचाल आ गया। पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने फैसले के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया। जिला भाजपा अध्यक्ष रघुवीरसिंह कुशवाहा ने प्रदेश नेतृत्व को खुला पत्र लिखते हुए टिकट बदलने की मांग की और दावा किया कि जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, छह मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, पार्षदों सहित 291 बूथ अध्यक्षों और उनकी कार्यकारिणी ने सामूहिक इस्तीफे का निर्णय लिया है।
उन्होंने 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि डॉ. नरोत्तम मिश्रा को दोबारा प्रत्याशी नहीं बनाया गया तो वे स्वयं भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ देंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उधर टिकट विवाद सड़क पर भी दिखाई दिया। बड़ी संख्या में समर्थक प्रदर्शन के लिए उतर आए, कई महिलाएं सड़क पर लेट गईं और विरोध के चलते ग्वालियर-झांसी हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। समर्थकों का कहना है कि दतिया में डॉ. नरोत्तम मिश्रा का संगठन और जनाधार मजबूत है, इसलिए उन्हें ही टिकट मिलना चाहिए था। वहीं भाजपा ने नए चेहरे पर भरोसा जताकर चुनावी दांव चला है। अब पार्टी नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाकर संगठन में एकजुटता बनाए रखने की है।


