शिवपुरी। गोपालपुर थाना पुलिस ने बकरी चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर करीब 2 लाख रुपये कीमत की 26 बकरियां बरामद कर ली हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देशन तथा एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राधेश्याम शिवहरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रवि उर्फ विनोद गोस्वामी उम्र 25 वर्ष और छोटू गोस्वामी उम्र 23 वर्ष निवासी ऊंची बरौद, हाल निवासी ग्राम भौराना, थाना बैराड़ को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई को फरियादी शिवचरण पिता झींगुरिया आदिवासी उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम पाडरखेड़ा अपनी 26 बकरियों को जंगल में चराने ले गया था। दोपहर में खाना खाने के बाद जब वह लौटा तो सभी बकरियां गायब थीं। काफी तलाश के बाद भी बकरियों का पता नहीं चलने पर उसने गोपालपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 34/26 में धारा 303(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने भाई दशरथ गोस्वामी और गणेश गोस्वामी के साथ मिलकर पाडरखेड़ा के जंगल से बकरियां चोरी की थीं। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई सभी 26 बकरियां बरामद कर उन्हें फरियादी शिवचरण आदिवासी को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी दशरथ गोस्वामी और गणेश गोस्वामी की तलाश में जुटी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी राधेश्याम शिवहरे, श्यामलाल खरगे, महेन्द्र सेंगर, सुनील सिंह, तरुण मांढरे, राहुल जाट, दधिराम गुर्जर, रामवरन सिंह और दिलीप ओझा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


