नकली खाद-बीज बेचने वालों पर कृषि विभाग की कार्रवाई, 4 प्रतिष्ठानों को थमाए नोटिस

MP DARPAN
0

शिवपुरी। खरीफ सीजन में किसानों को नकली और घटिया खाद, बीज व कीटनाशकों से बचाने के लिए कृषि विभाग ने जिले में सख्त अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को पिछोर और खनियाधाना में हुई औचक कार्रवाई के दौरान चार कृषि आदान विक्रेताओं के यहां अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य, सहायक संचालक डॉ. किरण रावत, जिला तकनीकी सहायक रामलखन धाकड़ तथा कृषि विभाग की टीम ने पिछोर और खनियाधाना क्षेत्र के खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चतुर्वेदी खाद एवं कीटनाशक केंद्र, विनय ट्रेडर्स, पाठक ट्रेडर्स, लक्ष्मी ट्रेडर्स, अजय ट्रेडर्स (पिछोर) तथा जय बाबा बीज भंडार और अकबर शाह बीज भंडार (खनियाधाना) की जांच की गई। जांच में चार प्रतिष्ठानों में रिकॉर्ड और नियमों से जुड़ी अनियमितताएं सामने आने पर तत्काल नोटिस जारी किए गए। कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क करते हुए अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं या सहकारी समितियों से ही खाद, बीज और कीटनाशक खरीदें। प्रत्येक खरीद पर पक्का बिल अवश्य लें और उसे सुरक्षित रखें। बिना बिल या सस्ते दाम के लालच में कृषि आदान खरीदना नुकसानदेह साबित हो सकता है। उपसंचालक कृषि ने कहा है कि यदि किसी किसान को नकली, अमानक या संदिग्ध खाद, बीज अथवा कीटनाशक की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल कृषि विभाग को सूचना दें। शिकायत मिलने पर त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों के हितों की रक्षा हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top