शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वारदात की आशंका के बीच तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई की टीम अवैध हथियार रखने वालों पर लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान 10 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम काली पहाड़ी स्थित श्रीजी ढाबा पर ढाबा संचालक रोहित यादव अपने साथियों विशाल यादव और रोशन यादव के साथ अवैध हथियार लेकर किसी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान विशाल पुत्र रामजीलाल यादव उम्र 22 वर्ष निवासी कारौठा, थाना करैरा की कमर से 315 बोर का देशी कट्टा और जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। रोहित पुत्र जसमंत सिंह यादव उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम काली पहाड़ी, थाना करैरा के पास से दो जिंदा कारतूस, जबकि रोशन पुत्र हुकुम सिंह यादव उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम मोटा बरकुआ, पंचायत सेमरा, थाना दिनारा के कब्जे से दो जिंदा कारतूस मिले। तीनों आरोपियों के पास हथियार अथवा कारतूस का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आम्र्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला कायम किया और बरामद कट्टा व पांचों कारतूस जब्त कर न्यायालय में पेश किया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई, सहायक उपनिरीक्षक चरण सिंह, आरक्षक सुरेन्द्र सिंह रावत (965) तथा आरक्षक जितेन्द्र कुमार की सराहनीय भूमिका रही।


